मौसम विभाग ने कहा- दो दिन बाद मिल सकती है गर्मी से राहत, नौ राज्य ऑरेंज अलर्ट पर
नई
दिल्ली, । देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही
है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बिहार सहित देश उत्तर-मध्य के राज्य
नौतपा के दिनों में झुलस रहे है। 30 मई तो दिल्ली का पारा 50 डिग्री पार कर
गया है। वहीं गर्मी के साथ जल संकट ने आम आदमी की परेशानी और बढ़ा दी है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिन तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी
रहेगा, इसके बाद कुछ राहत मिलने लगेगी। मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) के लिए
नौ राज्यों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। अनुमान है कि तापमान में
मध्यम गिरावट की वजह से अगले 2-3 दिनों के दौरान भीषण गर्मी से कुछ निजात
मिल जाएगी।
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमोत्तर
भारत और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के लिए राहत मिलने की भी बात
कही है। आईएमडी (इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट) ने एक बयान में कहा कि
आने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर यहां दिखने वाला है। अरब सागर से
उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बहने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवा के कारण कुछ स्थानों
पर बारिश या तूफान की स्थिति बन सकती है।
मौसम विज्ञान विभाग
(आईएमडी) ने 1 जून तक भारत के बड़े हिस्से में शुष्क मौसम की स्थिति के
साथ-साथ अत्यधिक गर्म लहर चलने की संभावना व्यक्त की है। इसमें दिल्ली,
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश आदि शामिल हैं।
आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा है कि बीते 24 घंटों में बिहार,
झारखंड, ओडिशा में गर्मी के कारण काफी मौतें हुई हैं। उन्होंने संभावना
जताई है कि शनिवार से इन क्षेत्रों में लू की स्थिति धीरे-धीरे कम होने
लगेगी।
फिलहाल मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) के लिए
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा,
बिहार और झारखंड समेत कई और राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस
बीच राजस्थान में देश में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। कई जगहों
पर 50 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24
घंटों में तापमान और नीचे लुढ़कने की संभावना है। भीषण गर्मी से लोगों को
थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई
है। यहां एक नए पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री होने वाली है। इससे आंधी-बारिश
का दौर देखने को मिल सकता है हालांकि अगले चार-पांच दिनों तक राज्य के कुछ
इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं भी चलेंगी।
उत्तर
प्रदेश में गर्मी ने कहर बरस रहा है। भीषण गर्मी की वजह से जनजीवन के साथ
वन्य जीवन भी प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में तापमान 48 डिग्री के पास
पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा गर्मी झांसी में पड़ रही है, जहां पारा 49
डिग्री के आसपास पहुंंच गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों
के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है। उसके बाद 2
से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बिहार
में भी भीषम गर्मी से लोग परेशान हैं। बिहार के कई जिलों में स्कूल में
छात्र-छात्राओं के बेहोश होने की खबर आई थी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों
के लिए कई जिलों के लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भभुआ, रोहतास,
औरंगाबाद, बक्सर, गया, अरवल, भोजपुर, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, नालंदा,
बेगूसराय और लखीसराय में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम
विभाग के अनुसार 31 मई को कोंकण और गोवा के अलग-अलग इलाकों में गर्म और
आर्द्र मौसम की स्थिति का सामना करना पड़ेगा। 31 मई से 2 जून के बीच बिहार,
झारखंड, ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में तीव्र लू की स्थिति रहने की संभावना
है। वहीं मानसून अपने सामान्य तिथि से दो दिन पहले गुरुवार को केरल में
पहुंचने के साथ पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों में आगे बढ़ गया है।





