“वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की नींव हैं — उनका सम्मान, सहभागिता और देखभाल सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है।” —विजेंद्र गुप्ता

नई दिल्ली।दिल्ली विधान
सभा के माननीय अध्यक्ष एवं रोहिणी से स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता ने आज रोहिणी
सेक्टर-13 में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निर्मित तीन नए मनोरंजन केंद्रों का उद्घाटन
किया।
ये केंद्र देना अपार्टमेंट,
सुनेहरी बाग अपार्टमेंट तथा केनरा अपार्टमेंट परिसर में स्थापित किए गए हैं और इनका
निर्माण स्थानीय विधायक निधि के अंतर्गत कराया गया है। यह पहल विजेंद्र गुप्ता की उस
प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वे अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन
की गुणवत्ता को बेहतर बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर विजेंद्र
गुप्ता ने कहा कि “वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा
परिवारों और समाज को संवारने में लगाया है। अब समय है कि हम उन्हें ऐसी सुविधाएं दें
जहाँ वे गरिमापूर्ण, आनंदमय और सक्रिय जीवन व्यतीत कर सकें।”
अध्यक्ष ने आगे कहा
कि इन मनोरंजन केंद्रों में वरिष्ठ नागरिक आपस में संवाद कर सकेंगे, इनडोर खेलों में
भाग ले सकेंगे, पठन-पाठन कर सकेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता के माध्यम
से सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देंगे। इससे न केवल अकेलापन में कमी आएगी, बल्कि उनका
मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होगा।
विजेंद्र गुप्ता ने
कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि क्षेत्र में और भी ऐसे सामुदायिक केंद्र विकसित किए जाएं।
उन्होंने रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं स्थानीय समुदायों से आग्रह किया कि वे भी
ऐसे सुझाव दें और इस दिशा में पहल करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि वरिष्ठ नागरिकों
की सामाजिक सुरक्षा और गरिमा को बढ़ाने वाले ऐसे प्रयासों को उनकी ओर से पूर्ण सहयोग
प्रदान किया जाएगा।
विजेंद्र गुप्ता यह
भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का दायित्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज की भी साझी ज़िम्मेदारी
है, और इस भावना को हमें अपनी सामुदायिक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित
स्थानीय लोगों ने विजेंद्र गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के
हर वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और समय-समय पर ठोस
कदम उठाते हैं।
इन नव-निर्मित केंद्रों
में आने वाले सप्ताहों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे ये केंद्र
वरिष्ठ नागरिकों के लिए उत्साह, संवाद, ज्ञानवर्धन और सामुदायिक सहभागिता के जीवंत
केंद्र बनेंगे।





