बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लाल बाबू लाल का निधन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शाेक संवेदना

पटना। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू लाल का आज निधन हाे गया। पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू लाल 70 साल के थे। वह किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। कल उनका पार्थिव शरीर बिहार कांग्रेस के मुख्यालय सदाकत आश्रम में पुष्पांजलि को लाया जाएगा।लाल बाबू लाल के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आजीवन दलित वर्ग के उत्थान के लिए उन्होंने कार्य किया और लगातार विभिन्न मंचों पर और पार्टी फोरम में उनके हक की आवाज उठाते रहें। उनके निधन से हमने क्रांतिकारी अभिभावक खो दिया है। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़ चढकर उन्होंने सदैव हिस्सा लिया और किडनी की बीमारी से ग्रस्त होने के बावजूद सदाकत आश्रम इस उम्र में भी लगातार आते रहें।पूर्व एमएलसी लालबाबू लाल कम उम्र में एमएलसी बन गये थे। वे बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुंगेरी लाल के भतीजे थे। बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, सांसद तारिक अनवर, डा. शकील अहमद खान, डा. मदन मोहन झा सहित अन्य पार्टी नेताओं ने भी पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू लाल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।





