ठंड की वजह से 25 तक बंद रहेंगे स्कूल
पटना | कड़ाके की ठंड में स्कूलों की छुट्टी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। एक तरफ शिक्षा विभाग के अफसर स्कूल खोलने के आदेश दे रहे हैं। वहीं, पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर अपने आदेश पर अड़े हैं। शिक्षा विभाग के एसीएस केके पाठक का आदेश पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर नहीं मानेंगे। पटना के जिलाधिकारी ने एक बार फिर से मंगलवार को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को 25 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है।बता दें कि डीएम ने पहले से ही पटना जिले में 23 जनवरी तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 8वीं तक की कक्षाओं को बंद रखने का आदेश दिया हैं। सर्दी के सितम को देखते हुए यह आदेश डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने रविवार को जारी किया था।इस पर सोमवार को शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव ने सवाल उठाया। डीएम के आदेश को गलत बताया और पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूल खोलने का निर्देश दिया। इस पर शिक्षा विभाग और पटना के डीएम आमने-सामने आ गए और बिहार में अब अफसर के बीच लेटर वार शुरू हो गया है।





