लालू ने किया चुनाव प्रचार का आगाज, बेटी रोहिणी आचार्य के लिए मांगें वोट सारण के लोगों की मांग थी कि लालू यादव उनके बीच आएं : तेजस्वी

लालू ने किया चुनाव प्रचार का आगाज, बेटी रोहिणी आचार्य के लिए मांगें वोट
सारण के लोगों की मांग थी कि लालू यादव उनके बीच आएं : तेजस्वी
पटना। राजद सुप्रीमो लालू यादव ने बुधवार को लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया। लालू यादव के साथ उनकी पत्नी व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सारण के लिए रवाना हुए। दोनों सारण में रोहिणी आचार्य के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। ऐसे में लालू यादव ने सारण संसदीय सीट से चुनाव का प्रचार करने का निर्णय क्यों लिया, इसे लेकर अब तेजस्वी यादव ने सारी बातें साफ की है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट पर कहा कि सारण लालू यादव की कर्मभूमि रही है। सारण के लोगों की मांग थी कि लालू यादव उनके बीच आएं। तेजस्वी ने कहा कि सारण के लालू यादव नेता रहे हैं, इसलिए वे वहां क्यों नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि लालू यादव महागठबंधन एक नेता हैं। जरूरत पड़ी तो वे उस अनुसार अन्य लोकसभा सीटों में भी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। दरअसल, लालू यादव ने पहले चरण के चुनाव में जमुई, नवादा, गया और औरंगाबाद में चुनाव प्रचार नहीं किया। चारों सीटों पर राजद प्रत्याशियों के लिए तेजस्वी लगातार दौरा कर रहे हैं, लेकिन लालू यादव ने कहीं भी चुनाव प्रचार नहीं किया। अब वे पहली बार चुनाव प्रचार के लिए सारण के लिए निकले हैं। सारण में रोहिणी आचार्य का मुख्य मुकाबला भाजपा के राजीव प्रताप रुड़ी से है। रुडी यहां से लगातार दो बार चुनाव जीत चुके हैं। वहीं भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा कथित रूप संविधान बदलने की बातें करने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग संविधान को बदलेंगे, वे खुद ही खत्म हो जाएंगे। एक दिन पहले लालू यादव ने भी संविधान बदलने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर हमला किया था। इसे लेकर बाद में गया में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सफाई दी थी कि मोदी और भाजपा क्या, खुद बाबा साहब अम्बेडकर भी संविधान नहीं बदल सकते हैं।





