रिमोट से चलती है नीतीश सरकार: मुकेश साहनी

भागलपुर। जिले के खरीक प्रखंड क्षेत्र के पाटीदारपुर पंचायत स्थित अठगामा महर्षि मेंही उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार के दिन लगभग 12:30 बजे वीआईपी के प्रमुख मुकेश साहनी ने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के वीआईपी प्रत्याशी अर्पणा कुमारी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप लोगों से वीआईपी प्रत्याशी अर्पणा कुमारी के लिए नाव छाप में वोट मांगने आए हैं।उन्होंने कहा कि बिहार में जो बदलाव की बयार चल रही है, उसमें आप लोग भी भागीदारी बने। जिस तरह से आप लोगों के पूर्वजों ने अंग्रेज से लड़ाई लड़ी और आजादी दिलाई इस तरह से बिहार में एक बड़ी पार्टी से लड़ाई चल रही है। बिहार में सामाजिक न्याय को स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से महागठबंधन की सरकार बनेगी और महागठबंधन की सरकार बनते ही हमारे छोटे भाई तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और हम उपमुख्यमंत्री बनेंगे। अगर यह सरकार बनेगी तो हर घर में सरकारी नौकरी देने का काम करेंगे और माई-बहन योजना के तहत 2500 रुपया प्रति माह दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि 2500 रुपया प्रति माह के हिसाब से 12 महीने में 30000 रुपया होता है। यह राशि माई बहन के खाते में 14 जनवरी को भिजवाने का काम करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि 500 रुपया में गैस सिलेंडर, 200 बिजली यूनिट फ्री करने एवं 1500 रुपया वृद्धा पेंशन करने का योजना है। इसके अलावा बिहार के युवा को बिहार में ही काम करें इसके लिए भी हम व्यवस्था करने का काम करेंगे। यह बिहार अब नीतीश कुमार के हाथों में अब नहीं देना चाहते हैं, क्योंकि वह चलने लायक नहीं रहे। उनकी सरकार दिल्ली के रिमोट से चलती है।





