अवैध हथियार और स्मैक के साथ अभियुक्त काे पुलिस ने किया गिरफ्तार

अररिया। रानीगंज पुलिस ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और 7.5 ग्राम एवं 9 हजार 30 रूपये के साथ राजा यादव नामक युवक को गिरफ्तार किया है। राजा यादव पिता-महेश यादव थाना क्षेत्र के बेलसरा गांव के वार्ड संख्या 13 का रहने वाला है।गिरफ्तारी की जानकारी रानीगंज थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु ने दी।उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि राजा यादव हथियार का भय दिखाकर ग्रामीणों को डराता रहता है,जिसके आलोक में उनके घर पर छापेमारी की गई तो वह सोया हुआ था और उनके बिछावन की जांच की गई तो बिछावन के नीचे से तलाशी के क्रम में एक लोहे का देशी कट्टा एवं दो जिंदा गोली एवं एक खोखा बरामद हुआ।वहीं सिरहाने के बगल में ही काला रंग के प्लास्टिक के अंदर एक पैकेट में स्मैक की बरामदगी की गई,जिसका वजन 7.5 ग्राम है।वहीं नगद नौ हजार 30 रूपये बरामद होने की भी जानकारी थानाध्यक्ष ने दी।





