पेट्रोल पंप कर्मी से हुई लूटकांड मामले में चार गिरफ्तार

अररिया।अररिया-रानीगंज मार्ग में हांसा गांव के पास सुनसान जगह पर इंडियन पेट्रोल पंप के कर्मी मुजफ्फरपुर निवासी अपेश कुमार पिता सुरेश साह से नवम्बर माह में हुए लूटकांड मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।जिसके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाईकिल लाल करिज्मा एवं हिरो स्ट्रीम,चार मोबाईल फोन,लूटी गई 11 हजार 500 रूपये,लूट के समय पहना हुआ शर्ट,जैकेट एवं अन्य कागजात बरामद किया।इस बात की जानकारी बुधवार शाम एसपी अंजनी कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी।एसपी ने बताया कि पेट्रोल पंप के कलेक्शन का पैसा रानीगंज स्थित बैंक में जमा करने जा रहे पंप कर्मी को मोटरसाईकिल सवार तीन अपराधकर्मियों द्वारा हथियार का भय दिखाकर 3 लाख 10 हजार रुपैया लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के संबंध में रानीगंज थाना मामला दर्ज किया गया था।तत्कालीन एसपी के द्वारा कांड के सफल उदभेदन एवं लूटी गई राशि की बरामदगी एवं घटना में संलिप्त अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामपुकार सिंह के नेतृत्व में रानीगंज थानाध्यक्ष एवं डीआईयू की एक एसआईटी टीम गठित किया गया था।एसआईटी ने घटना में शामिल अपराधकर्मी बौसी के वार्ड संख्या 10 के 30 वर्षीय विकाश कुमार पोद्वार ,पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र के धमगड़ा निवासी 24 वर्षीय गोपी कुमार , धमगडा वार्ड संख्या छह के सुमन कुमार एवं पूर्णिया बनमनखी वार्ड संख्या 22 के 22 वर्षीय आदित्य कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधकर्मियों के अपराध स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही के आधार पर घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाईकिल, घटना में प्रयुक्त 04 मोबाईल फोन, लूटी गई राशि में से 11 हजार 500 रुपैया,घटना के समय पहना हुआ शर्ट एवं जैकेट तथा अन्य लूटी गई अन्य कागजात को बरामद किया गया है।





