सेवा से गायब रहने वाले झारखंड के डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द
रांची: झारखंड स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति पाकर सेवा से गायब रहने वाले डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जायेगा। इस बाबत स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी पुरी कर ली है। इसके लिए सभी डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। झारखंड स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति के बाद बिना किसी सूचना के सेवा से गायब हो गये या फिर किसी कारण से सेवा नहीं दे पाएं है उन डॉक्टरों को न सिर्फ नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा, बल्कि उनके मेडिकल लाइसेंस भी रद्द कर दिए जाएंगे।
झारखंड राज्य मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे कुल 24 डॉक्टरों के नामों की सूची भेजी है। इन 24 डॉक्टरों में से 19 डॉक्टर झारखंड राज्य मेडिकल काउंसिल से पंजीकृत हैं। झारखंड राज्य मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ बिमलेश सिंह ने कहा कि यह सच है कि अगर डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन रद्द हो जायेगा, तो ये डॉक्टर मरीजों का इलाज नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी को शो कॉज दिया गया है। ये सभी वो डॉक्टर हैं जिन्होंने 03 साल पहले झारखंड सरकार में नियुक्ति के बाद सेवा नहीं दी।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने जिन डॉक्टरों का नाम रजिस्ट्रेशन रद्द करने के लिए झारखंड राज्य मेडिकल बोर्ड को भेजा है, उनमें 19 डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन झारखंड मेडिकल काउंसिल से हुआ है. शेष 05 डॉक्टर दूसरे राज्य की काउंसिल से पंजीकृत हैं।





