राजभवन से टकराव में सभी वीसी व रजिस्ट्रार का रोका वेतन

राजभवन से टकराव में सभी वीसी व रजिस्ट्रार का रोका वेतन
-बैठक में शामिल नहीं होने पर केके पाठक ने की कार्रवाई
पटना। बिहार के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति के खिलाफ शिक्षा विभाग के एसीएस केके पाठक ने कार्रवाई की है। बिहार के सभी कुलपतियों का वेतन रोक दिया गया है। संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव को छोड़कर सभी कुलसचिवों का भी वेतन रोका गया है। वहीं मगध विश्वविद्यालय और संस्कृत विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को छोड़कर सभी विश्वविद्यालय के एग्जाम कंट्रोलर का वेतन रोका गया है। यहीं नहीं, केके पाठक ने पूछा है कि काम सही से पूरा नहीं करने पर आप पर एफआईआर क्यों नहीं किया जाए। शिक्षा सचिव वैधनाथ यादव ने सभी विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव को पत्र लिखा है। पत्र के अनुसार विभाग का कहना है कि 28 फरवरी को बुलाई गई बैठक महत्वपूर्ण थी, इससे गायब रहना गंभीर मामला है। इसलिए सभी यूनिवर्सिटी से कहा गया है कि पत्र जारी होने के 2 दिनों के अंदर अपना स्पष्टीकरण दें। इसी क्रम में अगले आदेश तक वेतन स्थगित किया जाता है। साथ ही यूनिवर्सिटी के सभी अकाउंट्स को आॅपरेट करने पर अगले आदेश तक रोक लगाई जाती है।बताते चलें बीते दिनों विश्वविद्यालय की लंबित परीक्षा की समीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने बैठक बुलाई थी। राजभवन ने कुलपतियों को उक्त बैठक में जाने की अनुमति नहीं दी थी। राजभवन की रोक के कारण कुलसचिवों और परीक्षा नियंत्रकों में कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि के कुलसचिव व परीक्षा नियंत्रक तथा मगध विवि के परीक्षा नियंत्रक को छोड़कर सभी ने आने से परहेज किया था। अब केके पाठक ने बैठक में अनुपस्थित सभी अधिकारियों से शो कॉज किया है। पाठक के इस एक्शन के बाद अब राजभवन और शिक्षा विभाग के बीच फिर से तकरार बढ़ गया है। यहां बता दें कि कुलसचिवों और परीक्षा नियंत्रकों को बुलाने को लेकर शिक्षा विभाग और उन्हें न आने को लेकर लेटर वार के अलावा अनौपचारिक रूप से भी पूरी ताकत झोंक दी गई थी।





