उत्तराखंड में बारिश का कहर : ऋषिकेश में उफान पर चंद्रभागा नदी, हल्द्वानी में बही बोलेरो

ऋषिकेश/हल्द्वानी। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगहों पर नदियां-नाले उफान पर हैं और हादसों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।
ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर
ऋषिकेश में सुबह से हो रही मूसलधार बारिश के चलते चंद्रभागा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। नदी का पानी हाईवे तक आ गया, जिससे कई वाहन फंस गए। इस दौरान नदी के बीच में फंसे तीन लोगों—खुशपाल सिंह (चिन्यालीसौड़), मनोज रावत (चंबा) और बॉबी पंवार (ढाल वाला)—को एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मुनिकीरेती में सड़क पर मलबा, पेड़ गिरने से यातायात बाधित
मुनिकीरेती क्षेत्र में खारा स्रोत के पास सड़क पर मलबा आने से कई वाहन फंस गए। वहीं, पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाने और यातायात सुचारू करने का काम शुरू किया है।
पुलिस और एसडीआरएफ का रेस्क्यू वीडियो हुआ वायरल
उत्तराखंड पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो साझा किया है। पुलिस के मुताबिक, "अतिवृष्टि से ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ने से हाईवे पर पानी भर गया और कई वाहन फंस गए। इस बीच बीच नदी में फंसे तीन लोगों को पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।"
हल्द्वानी में बोलेरो गाड़ी बरसाती नाले में बही
हल्द्वानी के कालाढूंगी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। भारी बारिश के चलते घरुड़ी बरसाती नाला उफान पर आ गया और कोटाबाग से पतलिया जा रही बोलेरो गाड़ी उसमें बह गई।
गाड़ी में सवार तीन युवकों में से दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, लेकिन एक युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह से युवक की तलाश जारी है।
पुलिस ने दी चेतावनी, लोग बरतें सावधानी
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने कहा कि लगातार चेतावनी और बोर्ड लगाने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर नदी-नालों को पार कर रहे हैं, जो हादसों का कारण बन रहा है। नैनीताल जिले में देर रात से भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियां और नाले उफान पर हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





