सरकार बनने पर पहला काम अग्निवीर योजना को करेंगे बंद : राहुल गांधी प्रधानमंत्री गरीबी का 'ग' नहीं बोलते बेरोजगारी का 'ब' नहीं बोलते:तेजस्वी

सरकार बनने पर पहला काम अग्निवीर योजना को करेंगे बंद : राहुल गांधी
प्रधानमंत्री गरीबी का 'ग' नहीं बोलते बेरोजगारी का 'ब' नहीं बोलते:तेजस्वी
पटना। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पटना के बख्तियारपुर के खुसरूपुर में पटना साहिब लोकसभा से उम्मीदवार डॉ. अंशुल अविजित कुशवाहा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सभा में कहा कि 4 जून को इंडी गठबंधन की सरकार बन रही है और वह पहला काम अग्निवीर योजना को बंद करने का करेंगे। उन्होंने कहा कि सेना इस योजना को नहीं लाई है। नरेंद्र मोदी ने अग्निवीर योजना को सेना पर थोपा है। पहले युवा सेना और पब्लिक सेक्टर में जा सकते थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। उन्होंने पीएम नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि सिर्फ इतना बताइए कि आपने बिहार के युवाओं को कितना रोजगार दिया है? आपने 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात की थी, लेकिन किसी को नौकरी नहीं दी। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन का तूफान आ रहा है। नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों की जेब में पैसा डाला। अरबपतियों ने इस पैसे से विदेशों में बिजनेस किया, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को कोई फायदा नहीं हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि जब हम गरीबों को पैसा देंगे तो वे लोग अपने गांव-शहर में ये पैसा खर्च करेंगे। सामान की डिमांड बढ़ेगी तो बंद फैक्ट्रियां चालू हो जाएंगी। फिर उन्हीं फैक्ट्रियों में हिंदुस्तान के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। क्योंकि बीजेपी के नेता कहते हैं कि हम संविधान को बदल देंगे। लेकिन मैं नरेंद्र मोदी और उनके लोगों से कहना चाहता हूं कि संविधान को कोई छू भी नहीं सकता है। राहुल गांधी ने कहा कि अगर किसी ने इसे बदलने की हिम्मत की, तो उसके सामने पूरा इंडिया गठबंधन खड़ा मिलेगा।जनसभा में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीबी का 'ग' नहीं बोलते बेरोजगारी का 'ब' नहीं बोलते हैं। पीएम मोदी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं कि लोग उनका भाषण परिवार के साथ बैठकर नहीं सुन सकते। पीएम की भाषा का स्तर बहुत गिर चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की गारंटी है कि हमारी सरकार आने पर लोगों को 10 किलो अनाज मुफ्त मिलेगा। हम अग्निवीर योजना को ख़त्म करेंगे और गरीब परिवार की महिलाओं को सालाना 1 लाख रुपए देंगे। तेजस्वी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि मिजाज रखिए टनाटन, नौकरी मिलेगी फटाफट और बहनों के खाते में लाख रुपया जाएगा खटाखट। जनसभा में पटना साहिब लोकसभा से इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अंशुल अविजित कुशवाहा ने कहा कि हम पटना को नंबर 1 शहर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम पटना विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा, पटना में आईटी हब की स्थापना, छात्र रसोई, महिलाओं के लिए निशुल्क पिंक बस सुविधा और बख्तियारपुर में ट्रोमा सेन्टर खालेंगे। भाकपा-माले राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में आप सभी इंडिया गठबंधन को वोट करें और हमारी सरकार बनाएं। नरेंद्र मोदी का इन चुनावों में कोई भी जुमला नहीं चला है और वे अनाप-शनाप बोल रहे हैं। इस दौरान वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद सहित वरिष्ठ नेताओं ने पटना साहिब की जनता से 1 जून को पंजा छाप पर वोट की अपील की।





