प. बंगाल में पृथक कामतापुरम राज्य की मांग तेज, प्रदर्शनकारी रेल पटरी पर बैठे, वंदेभारत समेत कई ट्रेन फंसी
कोलकाता,
19 जनवरी पश्चिम बंगाल में पृथक कामतापुर राज्य की मांग तेज हो
गई है। उत्तर बंगाल में आज कामतापुर राज्य समर्थक बड़े पैमाने पर प्रदर्शन
कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया गया है।
प्रदर्शनकारी कई स्थानों पर रेल पटरी पर बैठ गए हैं।
जलपाईगुड़ी
जिले के मैनागुड़ी में बेटगरा के पास वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें
फंसी हुई हैं। ऑल कामतापुर स्टूडेंट्स यूनियन के कार्यकर्ता और समर्थकों ने
सुबह सात बजे से ''रेल रोको'' अभियान शुरू किया है। वे बेटगारा और
अल्टाग्राम स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन पर धरने पर बैठे हैं। इससे अप-डाउन
रेल यातायात बाधित हो गया है।
न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी वंदे भारत
एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें बेटगरा स्टेशन पर रुक गईं। रेलवे और पुलिस
अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की पर उसका कोई असर नहीं
हुआ। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कामतापुरम आंदोलन के नेता जीवन सिंह
करीब एक साल से हिरासत में हैं। उन्हें नहीं पता कि केंद्र ने शांति वार्ता
के लिए क्या पहल की है।
यूनियन के केंद्रीय समिति के
अध्यक्ष कौशिक बर्मन ने कहा, “पिछले पंद्रह वर्षों में केंद्र द्वारा कोई
कार्रवाई नहीं की गई है। केंद्रीय मंत्रियों के आंदोलन के बावजूद कुछ नहीं
हुआ। जीवन सिंह की शांति संधि का भी अभी तक समाधान नहीं हो सका है। यहां
कोई उद्योग नहीं है। यहां के लड़के-लड़कियां दूसरे राज्यों या देशों में जा
रहे हैं। ऐसे में हम अलग राज्य की मांग कर रहे हैं। अलग राज्य होगा तो अलग
सरकार होगी। यहां लोगों को न्याय मिलेगा।"





