कल पूर्णिया और गया आयेंगे प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी -जदयू प्रत्याशी संतोष कुशवाहा और मांझी के पक्ष में करेंगे चुनाव प्रचार

पटना ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 16 अप्रैल को पूर्णिया पहुंच रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री पूर्णिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर रंगभूमि मैदान में विशाल मंच और पंडाल बनाया गया है। मंच को गेरूवा और हरा रंग के कपड़े से सजाया गया है। प्रधानमंत्री कल 1 घंटा 25 मिनट तक पूर्णिया में रहेंगे। वह एयरफोर्स के बीबीजे विमान से गया से 12:10 पर चूनापुर वायु सेना हवाई अड्डा पर पहुंचेंगे। वहां से एमआई 17 हेलीकॉप्टर से इंदिरा गांधी स्टेडियम आएंगे। फिर 12:45 बजे प्रधानमंत्री रंगभूमि मैदान स्थित जनसभा के मंच पर पहुंचेंगे। 1:25 बजे प्रधानमंत्री रंगभूमि मैदान से रवाना होंगे और 1.35 बजे वह एमआई 17 हेलीकॉप्टर से पश्चिम बंगाल के बेलूरघाट के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान ,उपेंद्र कुशवाहा के अलावे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिंहा के साथ-साथ कई मंत्री भी मंच पर होंगे। प्रधानमंत्री पूर्णिया के एनडीए प्रत्याशी संतोष कुशवाहा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। साथ ही सीमांचल और बिहार को बड़ा मैसेज देंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आज रंगभूमि मैदान में डीएम कुंदन कुमार और एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के द्वारा संयुक्त ब्रीफिंग किया गया। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी ड्यूटी की जानकारी दी गई। इस मौके पर एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर सख्त व्यवस्था की गई है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी के हाथों में होगी। कुल 32 एंट्री गेट बनाए गए हैं। जिसमें वीआईपी और मीडिया के लिए अलग गैलरी बनाई गई है। आम जनता के लिए और नेताओं के बैठने के लिए हजारों कुर्सियां लगाई गई है। वहीँ 16 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया भी आयेंगे। जहाँ गांधी मैदान में वे जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था गया जिले में बढ़ा दी गई है। गया के गांधी मैदान में एक भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। वही कारीगरों के द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है। गांधी मैदान में लगातार जिला प्रशासन और बीजेपी के नेताओं के द्वारा मुआयना भी किया जा रहा है।





