वैश्विक दबाव के कारण घरेलू शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के
नई
दिल्ली, 15 मार्च । कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार
में भी आज लगातार दबाव बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के
साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली करके सेंसेक्स
और निफ्टी की चाल को तेज करने की कोशिश भी की। लेकिन बिकवाली के दबाव की
वजह से उनकी ये कोशिश सफल नहीं हो सकी। पहले एक घंटे का कारोबार होने के
बाद सेंसेक्स 0.52 प्रतिशत और निफ्टी 0.56 प्रतिशत की कमजोरी के साथ
कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद
स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व,
आईटीसी, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और अडाणी इंटरप्राइजेज के शेयर 2.11 प्रतिशत
से लेकर 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर
बीपीसीएल, कोल इंडिया, एनटीपीसी, ओएनजीसी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर
5.22 प्रतिशत से लेकर 2.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ
रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,108
शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 805 शेयर मुनाफा कमा कर
हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,303 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान
में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8
शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर
बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में
शामिल शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में
कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 210.51
अंक की कमजोरी के साथ 72,886.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत
होते ही लिवालों ने खरीदारी करके इस सूचकांक को सपोर्ट करने की कोशिश की,
जिसकी वजह से ये सूचकांक 110 अंक से अधिक उछल कर 72,998.07 अंक के स्तर तक
पहुंच गया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद बाजार पर मंदड़ियों का दबाव बन गया,
जिसके कारण ये सूचकांक गिरता चला गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री
के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स
378.81 अंक की कमजोरी के साथ 72,718.47 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स
की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 81.80 अंक टूट कर 22,064.85 अंक के स्तर
से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में खरीदारों ने लिवाली करके इस
सूचकांक को 22,120.90 अंक तक पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद बाजार पर
बिकवालों का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से ये सूचकांक
लुढ़क कर 21,981.30 अंक तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और
बिकवाली के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी
124.90 अंक की गिरावट के साथ 22,021.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके
पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 335.39 अंक यानी 0.46
प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,097.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं
निफ्टी ने 148.95 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,146.65 अंक के
स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।




