"रंगीलो सावन महोत्सव" का पोस्टर विमोचन, महिला शक्ति, परंपरा और संस्कृति का होगा भव्य उत्सव

"रंगीलो सावन महोत्सव" का पोस्टर विमोचन, महिला शक्ति, परंपरा और संस्कृति का होगा भव्य उत्सव
जयपुर, 13 जुलाई 2025 — राजधानी जयपुर में आगामी 15 जुलाई को "रंगीलो सावन महोत्सव" का आयोजन होने जा रहा है, जिसकी तैयारियों का शुभारंभ आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ द्वारा पोस्टर विमोचन के साथ किया गया। यह विशेष आयोजन भाजपा महिला मोर्चा राजस्थान प्रदेश की ओर से अणुविभा केंद्र, गौरव टॉवर के सामने, मालवीय नगर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला सशक्तिकरण, पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता का उत्सव देखने को मिलेगा।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती जयश्री गर्ग ने जानकारी दी कि "रंगीलो सावन महोत्सव" में महिलाओं की पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान को उत्सव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मौजूद रहेंगे, वहीं विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी, जयपुर शहर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक श्री कालीचरण सर्राफ, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा कपिल मिश्रा, और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती रक्षा भंडारी शिरकत करेंगी।
जयश्री गर्ग ने बताया कि इस एक दिवसीय कार्यक्रम में पारंपरिक झूले, मेहंदी प्रतियोगिता, लहरिया साड़ी प्रतियोगिता, लोक गीत, नृत्य, और सावनी सजावट जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाग लेने वाली महिलाओं को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से न सिर्फ महिलाओं को एक सांस्कृतिक मंच मिलता है, बल्कि उन्हें राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने का भी अवसर मिलता है। तीज और सावन जैसे पर्व हमारी परंपराओं के जीवंत प्रतीक हैं, और इस तरह के आयोजन उनके संरक्षण और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





