मप्र : निमाड़ के साथ प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में आज बारिश की संभावना, 18 जिलों में भी अलर्ट
भोपाल,
। मध्यप्रदेश में इन दिनों तेज बारिश का सिलसिला जारी
है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से ऐसा मौसम बन रहा
है। मंगलवार को इंदौर समेत कई जिलों में बारिश हुई। बुधवार को भी बारिश का
अलर्ट जारी किया गया है। निमाड़ के साथ एमपी के दक्षिणी हिस्से में बारिश
का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही धार-छिंदवाड़ा समेत 18 जिलों में भी तेज
बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि भोपाल-इंदौर में हल्की बारिश की
संभावना है।
भोपाल के सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने
बताया कि अगले 24 घंटे में छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी,
छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, रतलाम, झाबुआ,
अलीराजपुर, बड़वानी में भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि एमपी के
उत्तरी हिस्से में ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहीं, साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी
एक्टिव है। इस वजह से बारिश हो रही है, जो आगे भी जारी रहेगी।
इससे पहले
मंगलवार को मंडला, बालाघाट, बैतूल, धार, ग्वालियर, इंदौर, रतलाम समेत कई
जिलों में बारिश हुई। दूसरी ओर, भोपाल समेत कई शहरों में धूप भी निकली। इस
वजह से दिन के टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी हो गई। सीधी, दमोह और नौगांव में पारा
37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में
34.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 33.4 डिग्री, ग्वालियर में 36.6 डिग्री,
जबलपुर में 34.1 डिग्री और उज्जैन में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
बैतूल में तापमान सबसे कम 28.5 डिग्री रहा। खरगोन-पचमढ़ी में 29.2 डिग्री और
सिवनी में यह 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





