ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख
नई
दिल्ली, । ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे
हैं। पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट
के सूचकांक बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी
फिलहाल मामूली तेजी के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले
सत्र के दौरान मजबूती के साथ कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ
बंद हुए। एशियाई बाजारों में भी आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ है।
पिछले
सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में बने पॉजिटिव माहौल के कारण एसएंडपी 500
इंडेक्स और नैस्डेक दोनों सूचकांकों ने रिकॉर्ड मजबूती के साथ कारोबार का
अंत किया। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.77 प्रतिशत की छलांग लगा कर 5,473.23 अंक
के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह नैस्डेक ने 168.14 अंक यानी 0.95 प्रतिशत
की तेजी के साथ 17,857.02 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत
किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ 38,795.67
अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार
पिछले सत्र के दौरान लगातार मजबूती में कारोबार करने के बाद आखिरी वक्त में
हुई बिकवाली के कारण मिले-जुले परिणामों के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स
0.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,142.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर,
सीएसी इंडेक्स ने 0.90 प्रतिशत उछल कर 7,571.57 अंक के स्तर पर पिछले सत्र
के कारोबार का अंत किया। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की बढ़त के
साथ 18,068.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में
भी आज आमतौर पर मजबूती नजर आ रही है। एशिया के 9 बाजारों में से 7 के
सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 1 सूचकांक
गिरावट के साथ लाल निशान में बना हुआ है। इंडोनेशिया में छुट्टी होने की
वजह से जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज कारोबार नहीं हो रहा है। अभी तक के
कारोबार में हैंग सेंग इंडेक्स 0.18 प्रतिशत टूट कर 17903.06 अंक के स्तर
पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.27
प्रतिशत की तेजी के साथ 23,615.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी
तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,302.81 अंक के
स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है।
फिलहाल ये सूचकांक 246.41 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ
22,742.94 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है। इसी तरह निक्केई
इंडेक्स 314.36 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 38,416.80 अंक तक
पहुंच गया है। इसके अलावा कोस्पी इंडेक्स 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ
2,765.67 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.93 प्रतिशत की मजबूती के
साथ 1,308.66 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.35 प्रतिशत की
तेजी के साथ 3,026.61 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।




