पीएम नरेंद्र मोदी की 4 अप्रैल को जमुई में होगी पहली चुनावी रैली

पीएम नरेंद्र मोदी की 4 अप्रैल को जमुई में होगी पहली चुनावी रैली
पटना ।लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है पहले चरण में बिहार की चार सीटों पर वोटिंग होगी जिसमें गया, औरंगाबाद, नवादा और जमुई शामिल हैं। इन सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है अब 19 अप्रैल को वोटिंग होगी जिसके लिए पार्टियों का प्रचार अभियान शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पीएम नरेंद्र मोदी बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत जमुई लोकसभा क्षेत्र से करेंगे वे 4 अप्रैल को जमुई के खैरा के बल्लोपुर गांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एनडीए के सहयोगी दल एलजेपी (रा) प्रत्याशी और चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती के पक्ष में वोट मांगेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार आने की सूचना देते हुए लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट कर उन्होंने अपने पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हुए विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए देश में 400 पार सीट का लक्ष्य भी हासिल करेगी। चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व की बात है कि देश के पीएम नरेंद्र मोदी बिहार में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत जमुई से करने जा रहे हैं। इसके लिए मैं जमुई की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री के इस निश्चय से हम सभी अभिभूत हैं मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए ना सिर्फ बिहार की सभी 40 सीटें जीतकर प्रधानमंत्री जी की झोली में डालेगी, बल्कि देश में 400 पार का लक्ष्य भी हासिल करेगी।





