पीएम मोदी ने ग्रेटर नोएडा में 'इंटरनेशनल ट्रेड शो' का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश को निवेश और मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बताया
ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘इंटरनेशनल ट्रेड शो’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने देश-विदेश के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया और राज्य को विकास एवं औद्योगिक प्रगति का हब बताया।
उत्तर प्रदेश: निवेश की अपार संभावनाओं वाला राज्य
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में क्रांतिकारी सुधार हुए हैं। राज्य आज सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे और इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला प्रदेश बन चुका है। उन्होंने बताया कि हेरिटेज टूरिज्म और नमामि गंगे अभियान ने यूपी को क्रूज टूरिज्म के नक्शे पर जगह दिलाई है।
‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना की सराहना
प्रधानमंत्री ने यूपी सरकार की ओडीओपी योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इसने स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “आज भारत में जितने मोबाइल बनते हैं, उनमें से 55 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में तैयार होते हैं।” इसके अलावा, प्रदेश जल्द ही सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा।
रक्षा क्षेत्र में यूपी की बड़ी भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब स्वदेशी रक्षा उपकरणों पर जोर दे रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही रूस के सहयोग से एके-203 राइफल का उत्पादन यूपी में शुरू होगा। साथ ही, डिफेंस कॉरिडोर में ब्रह्मोस मिसाइल समेत कई अस्त्र-शस्त्र का निर्माण हो रहा है।
निवेशकों से की अपील
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग और एमएसएमई सेक्टर में निवेश करें। उन्होंने कहा, “यूपी में लाखों एमएसएमई का मजबूत नेटवर्क है। यह पूरे प्रोडक्ट को यहीं तैयार करने की क्षमता रखता है।”
दीनदयाल उपाध्याय को किया याद
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “अंत्योदय यानी समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही सच्चा सामाजिक न्याय है। यही मॉडल भारत दुनिया को दे रहा है।”





