भाजपा के शीर्ष नेता एवं प्रधानमंत्री मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब में करेंगे चुनाव प्रचार
नई
दिल्ली, । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेता और सबसे
बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब
में चुनाव प्रचार करेंगे। वो हिमाचल प्रदेश में जनसभा को संबोधित करने के
साथ आज के प्रचार का श्रीगणेश करेंगे। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
के आज के चुनावी कार्यक्रम को एक्स हैंडल पर साझा किया है।
प्रधानमंत्री
मोदी इस बार के आम चुनाव में अपने 400 पार के संकल्प की सिद्धि के लिए देश
में धुआंधार प्रचार कर मतदाताओं से आशीर्वाद ले रहे हैं। भाजपा के एक्स
हैंडल के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी आज सबसे पहले हिमाचल प्रदेश की राजधानी
शिमला में पूर्वाह्न 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वो छोटी
काशी के नाम से विख्यात मंडी जाएंगे। वहां दोपहर सवा एक बजे भाजपा की जनसभा
को संबोधित कर पंजाब का रुख करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के गुरदासपुर
में दोपहर साढ़े तीन बजे और जालंधर में शाम साढ़े पांच बजे जनसभा को
संबोधित करेंगे।





