पटना में दिनदहाड़े दिल्ली के ज्वेलर को गोली मारकर सोना लूटा

पटना में दिनदहाड़े दिल्ली के ज्वेलर को गोली मारकर सोना लूटा
तमाशा देखती रही भीड़, बचाने को नहीं उठाया किसी ने जहमत
पटना। राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डाकबंगला चौराहे के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली के ज्वेलर को बदमाशों ने गोली मार दी। पिता-पुत्र सोना लेकर पटना के विभिन्न दुकानों में सप्लाई करने आये थे, जिसे बदमाश छीनकर भागने में सफल रहे। कारोबारी की पहचान अंसार अली मोल्ला के रूप में हुई है, जो दिल्ली के करोलबाग का रहने वाला है।
बताया जाता है कि दोनों बिजनेस के सिलसिले में पटना आते-जाते रहते हैं। बदमाशों ने बीच सड़क दोनों को घेरा और बैग छीनने की कोशिश करने लगे। ज्वेलर के बेटे ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने गोली मार दी, जो उसके हाथ में लगी है। उस वक्त भीड़ भी मौजूद थी, लेकिन कोई बचाने की जहमत नहीं उठाया और अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहे। दिनदहाड़े हुई लूट व गोलीकांड की घटना की सूचना पाकर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गोली लगने से जख्मी बेटे को इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। वहीं आसपास के दुकानों के सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बीच सड़क पर 3 बदमाश दोनों को घेर लेते हैं। आसपास लोगों की भीड़ जुट जाती है। इस दौरान सड़क पर भी गाड़ियां आती-जाती दिख रही हैं, लेकिन कोई उनकी मदद को आगे नहीं आता है।
मौके पर मौजूद आॅटो ड्राइवर ने शिवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बाइक सवार 3 लोग एक युवक को पकड़े थे। उसका बैग छीन रहे थे। उसके साथ मारपीट कर रहे थे। उसमें से एक युवक ने मारने का इशारा किया। उसमें से एक ने गोली मार दी। आरोपी किसी बुजुर्ग को गोली मार रहे थे, लेकिन युवक को जा लगी। हम लोगों ने बदमाशों को पकड़ना चाहा, लेकिन वो पिस्टल तान दे रहे थे। इस दौरान तीनों फरार हो गए।
इधर, सिटी एसपी सेंट्रल चंद्र प्रकाश ने बताया कि जिनके साथ घटना हुई है, वो दिल्ली के रहने वाले हैं। सोना कारोबारी हैं। पुलिस हर एक एंगल पर छानबीन कर रही है। बैग में कितना सोना था? इसके बारे में भी पुलिस जांच कर रही है।





