इंडिगो विमान के अंदर यात्री ने पायलट को मारा थप्पड़
नई दिल्ली । देश की सबसे बड़ी घरेलू उड़ानों में से एक इंडिगो के खिलाफ शिकायतों का अंबार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगा हुआ है। इसी बीच एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में पैसेंजर द्वारा पायलट को थप्पड़ जड़ते देखा जा सकता है। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, एक यात्री ने जहाज के अंदर पायलट को उस वक्त थप्पड़ मारा जिस वक्त वह उड़ान में देरी की घोषणा कर रहा था। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पुलिस ने इंडिगो एयरलाइंस के पायलट को थप्पड़ मारने वाले यात्री की पहचान कर ली है। आरोपी यात्री की पहचान साहिल कटारिया के रूप में हुई है। एयरपोर्ट पुलिस ने मीडिया बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट पुलिस के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई 2175 को दिल्ली एयरपोर्ट से गोवा के लिए रवाना होना था। किन्हीं कारणों से यह फ्लाइट करीब 13 घंटे विलंब हो गई। विमान में जब पायलट इस देरी के बाबत यात्रियों से बात करनी चाही, तो आरोपी साहिल कटारिया ने पायलट को थप्पड़ मार दिया। यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।





