आखिरी दिन भी सदन में विपक्ष का हंगामा -राबड़ी देवी का भाजपा पर हमला, कहा-देश भर में कर रही विधायकों का खरीद-फरोख्त
पटना।बिहार विधानसभा बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। आखिरी दिन भी सदन में विपक्ष हंगामा कर रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एक बार फिर राजद विधायकों के साथ पोस्टर बैनर लेकर नीतीश सरकार के द्वारा लाए जा रहा अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 का विरोध कर रहे हैं। राजद इसे काला कानून बताकर इसको लागू ना करने की मांग कर रही है। इसी कड़ी में राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश और बीजेपी पर हमला बोला है। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 काला कानून है। यह लागू नहीं होना चाहिए। दरअसल, बीते दिन सदन में नीतीश सरकार ने अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 पेश किया। प्रभारी गृह मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने इस बिल को सदन में पेश किया। सदन में बहुमत से इस विधेयक को पास कराया गया। हालांकि इस बिल को लेकर विपक्षी विधायकों ने विरोध भी किया। प्रभारी गृह मंत्री ने कहा कि बिहार अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 लाने के पीछे सरकार के उद्देश्य यह है कि वर्तमान में अपराध की शैली और प्रकार दोनों बदल गए हैं। बताया जा रहा कि बदलते दौर में 33 साल पुराने पुलिस अधिनियम से अपराध रोकने में परेशानी हो रही थी। लिहाजा नया विधेयक लाया गया हैय़ वहीं, सम्राट चौधरी ने कहा कि इस बिल के आने से माफिया राज का खात्मा होगा। बालू-शराब और जमीन माफियाओं को खत्म करेंगे। इस अधिनियम के विरोध में राबड़ी देवी ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि इस कानून को लागू नहीं किया जाए। उन्होंने इसे काला कानून बताया है।वहीं विधायकों के दल बदलने को लेकर एक बाऱ फिर राबड़ी देवी ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी समाप्त हो चुकी है। बीजेपी कमजोर हो चुकी है। टूट चुकी है। इसलिए वह विधायक का खरीद फरोख्त कर रही है। राबड़ी देवी ने कहा कि केलव बिहार में ही नहीं पूरे देश में विधायकों का खरीद-फरोख्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी पैसा देकर विधायकों को खरीद रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि विधायकों को तोड़ने के लिए धमकाया जा रहा है।





