राजधानी रांची समेत पांच जिलों में खुलेगा नारकोटिक्स थाना

राजधानी रांची समेत पांच जिलों में खुलेगा नारकोटिक्स थाना
रांची : राजधानी रांची समेत पांच जिलों में नारकोटिक्स थाना खुलेगा। इस बाबत सीआईडी ने तैयारी शुरू कर दी गई है। जिन जिले में नारकोटिक्स थाना खोला जाएगा उनमें रांची, चतरा, हजारीबाग, खूंटी और जमशेदपुर शामिल हैं। मालुम हो कि झारखंड के सभी पांचों जिलों में नारकोटिक्स थाना इसी वर्ष काम करना शुरू कर देगा। सीआईडी मुख्यालय ने सभी संबंधित जिलों के आईजी और डीआईजी को निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने जिलों के एसपी को निर्देश दें कि वे नारकोटिक्स थाना खोलने के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर भेजें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। सीआईडी के अधिकारियों के अनुसार, झारखंड के पांच जिलों में सबसे अधिक ड्रग्स का कारोबार होता है। इस कारण इन जिलों के विभिन्न थानों में सबसे अधिक एनडीपीएस अधिनियम के केस दर्ज होते हैं। झारखंड में फिलहाल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का जोनल ऑफिस कार्य कर रहा है, जो सीधे एमएचए को रिपोर्ट करता है। अगर झारखंड में भी पांच नारकोटिक्स थाने खुल जाते हैं तो नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई का ग्राफ तो बढ़ेगा ही, साथ ही साथ दोषियों को सजा दिलवाने के ग्राफ में भी इजाफा होगा।





