घरेलू शेयर बाजार में तेजी जारी, निफ्टी ने लगातार तीसरे दिन बनाया मजबूती का नया रिकॉर्ड
नई
दिल्ली,। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में
उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद एक बार फिर बढ़त के साथ बंद होने में सफल
रहा। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। लेकिन शुरूआती कारोबार
में ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों
सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया। हालांकि पहले घंटे के कारोबार
में ही खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया, जिसकी वजह से दोनों सूचकांक थोड़ी
देर में ही हरे निशान में जगह बनाने में कामयाब हो गए। आज के कारोबार में
निफ्टी ने एक बार फिर ऑल टाइम हाई लेवल और क्लोजिंग का रिकॉर्ड बनाया।
वहीं, सेंसेक्स भी क्लोजिंग के नए रिकॉर्ड के साथ बंद हुआ। पूरे दिन के
कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.24 प्रतिशत और निफ्टी 0.29 प्रतिशत की मजबूती के
साथ बंद हुए।
आज के कारोबार में ऑटोमोबाइल,
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस,
पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और मेटल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी
होती रही। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों पर बिकवाली का दबाव बना रहा।
ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार लिवाली होती रही, जिसके कारण बीएसई का
मिडकैप इंडेक्स 1.18 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप
इंडेक्स ने 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज
बाजार की तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 3 लाख
करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का
मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 434.86 लाख करोड़ रुपये
(अस्थाई) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट
कैपिटलाइजेशन 431.67 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार
से करीब 3.19 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर
के कारोबार में बीएसई में 3,980 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें
2,239 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,623 शेयरों में गिरावट का रुख रहा,
वहीं 118 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,309
शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,344 शेयर मुनाफा कमा कर हरे
निशान में और 965 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर
गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 29 शेयर हरे
निशान में और 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का
सेंसेक्स आज 101.48 अंक की मजबूती के साथ 76,912.38 अंक के स्तर पर खुला।
कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से
इस सूचकांक ने लाल निशान में गोता लगा दिया। लगातार हो रही बिकवाली के
कारण ये सूचकांक 270.40 अंक की गिरावट के साथ 76,549.05 अंक के स्तर तक
लुढ़क गया। लेकिन सुबह 10 बजे के करीब खरीदारों ने बाजार में लिवाली शुरू
कर दी, जिसके कारण थोड़ी ही देर में इस सूचकांक ने हरे निशान में अपनी जगह
बना ली। लगातार हो रही खरीदारी के कारण ये सूचकांक 270.40 अंक की मजबूती के
साथ 77,081.30 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार
के बाद सेंसेक्स 181.87 अंक की बढ़त के साथ ऑल टाइम हाई क्लोजिंग का
रिकॉर्ड बनाते हुए 76,992.77 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स
की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 66.05 अंक उछल कर 23,464.95 अंक के स्तर से
कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण
इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से ये
सूचकांक 64.65 अंक की कमजोरी के साथ 23,490.40 अंक के स्तर तक गिर गया।
लेकिन इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे थोड़ी ही देर में ये
सूचकांक वापस हरे निशान में पहुंच कर कारोबार करने लगा। खरीदारी के सपोर्ट
से एक बार हरे निशान में रिकवरी कर लेने के बाद बाजार में लगातार लिवाली का
जोर बना रहा, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी तेजी बनी रही।
खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक 91.50 अंक उछल कर अभी तक के सर्वोच्च स्तर
23,490.40 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। पूरे दिन हुई खरीद-बिक्री के बाद
निफ्टी 66.70 अंक की मजबूती के साथ ऑल टाइम हाई क्लोजिंग का नया रिकॉर्ड
बनाते हुए 23,465.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन के
कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आयशर मोटर्स 2.78
प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.34 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 1.87 प्रतिशत,
श्रीराम फाइनेंस 1.78 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 1.67 प्रतिशत की मजबूती के
साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा
1.26 प्रतिशत, टीसीएस 1.19 प्रतिशत, विप्रो 1.06 प्रतिशत, एचसीएल
टेक्नोलॉजी 0.91 प्रतिशत और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 0.56 प्रतिशत की गिरावट
के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।




