मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 12 जुलाई को प्रगति मैदान, नई दिल्ली में इंडियन हाउसवेयर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, दिल्ली की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता का दिखा प्रभावशाली प्रदर्शन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 12 जुलाई को प्रगति मैदान, नई दिल्ली में इंडियन हाउसवेयर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, दिल्ली की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता का दिखा प्रभावशाली प्रदर्शन
नई दिल्ली, 12 जुलाई 2025 — राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में आज इंडियन हाउसवेयर प्रदर्शनी 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसका उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में शामिल हुए स्थानीय एवं राष्ट्रीय उद्यमियों से मुलाकात की और उनकी नवोन्मेषी सोच, गुणवत्ता-उन्मुख दृष्टिकोण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सराहना की।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के अनेक उद्यमियों ने स्टील उद्योग से जुड़े नवीन उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया, जो ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों को ज़मीन पर उतारने का एक जीवंत प्रमाण बने। मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली अब केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि एक सशक्त उद्यमशीलता की भूमि बनकर उभरी है।”
कार्यक्रम के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के समक्ष अपने सुझाव और समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार Ease of Doing Business को और अधिक सरल, प्रभावी और उद्योग-हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्परता और सकारात्मकता के साथ उठाएगी।
रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को साकार करने में दिल्ली का स्थानीय उद्योग एक मजबूत कड़ी बनकर उभरा है। उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि यह प्रदर्शनी भारतीय उद्योग की कौशल, आत्मबल और नवाचार क्षमता का प्रेरणादायक प्रदर्शन है।
यह आयोजन उद्योग जगत को एक साझा मंच प्रदान करता है. युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने और भारत को एक वैश्विक निर्माण केंद्र बनाने की प्रेरणा भी देता है। प्रगति मैदान में आयोजित यह प्रदर्शनी दिल्ली की मजबूत औद्योगिक क्षमता, आत्मनिर्भरता की भावना, और रोज़गार सृजन की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हो रही है।





