बांके बिहारी मंदिर में नहीं मिलेगा वीआईपी ट्रीटमेंट: गोस्वामियों का ऐलान, बोले— ठाकुरजी की सेवा में भेदभाव नहीं चलेगा

बांके बिहारी मंदिर में नहीं मिलेगा वीआईपी ट्रीटमेंट: गोस्वामियों का ऐलान, बोले— ठाकुरजी की सेवा में भेदभाव नहीं चलेगा
वृंदावन, मथुरा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहे श्री बांके बिहारी मंदिर को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने स्पष्ट रूप से ऐलान किया है कि अब मंदिर में किसी को भी ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ नहीं मिलेगा। इस निर्णय के बाद अब किसी भी श्रद्धालु को मंदिर परिसर में पटुका ओढ़ाने, प्रसादी माला पहनाने, बांसुरी या प्रसाद की डलिया भेंट करने जैसी विशेष सुविधाएं नहीं दी जाएंगी।
यह ऐतिहासिक निर्णय बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और सरकारी न्यास गठन के विरोध के बीच आया है, जहां गोस्वामी समाज लगातार राज्य सरकार के प्रस्तावों का विरोध कर रहा है। उनका मानना है कि मंदिर की आत्मा, उसकी परंपराएं और श्री ठाकुरजी की सेवा-पद्धति किसी सरकारी दखल या आधुनिक व्यवस्थाओं की मोहताज नहीं है।
गोस्वामियों ने यह भी कहा कि ठाकुरजी की सेवा समानता और निष्कलंक भक्ति पर आधारित है। किसी व्यक्ति की राजनीतिक हैसियत, प्रशासनिक ओहदा या धनबल के आधार पर मंदिर में सम्मान पाने की परंपरा न पहले थी, न अब रहेगी। उन्होंने कहा कि ठाकुर श्री बांके बिहारी सबके हैं और हर भक्त उनके सामने एक समान है। चाहे वह साधारण ग्रामीण हो या कोई केंद्रीय मंत्री, ठाकुरजी की सेवा में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
पिछले कुछ समय से मंदिर को लेकर चल रही राजनीति, विशेष कॉरिडोर निर्माण की योजना और न्यास समिति की कवायद को लेकर गोस्वामी समाज ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यदि यह योजनाएं लागू हुईं, तो मंदिर की मूल आध्यात्मिक संरचना, भीड़ प्रबंधन प्रणाली और सेवा-पूजा की पारंपरिक प्रणाली नष्ट हो जाएगी।
बांके बिहारी मंदिर में वीआईपी कल्चर को समाप्त करने का यह निर्णय न केवल एक सामाजिक-सांस्कृतिक संदेश है, बल्कि यह भक्ति की उस परंपरा को पुनर्स्थापित करता है जो भगवान और भक्त के बीच किसी बिचौलिए या विशेषाधिकार को मान्यता नहीं देता।
इस फैसले का स्वागत देशभर के वैष्णव संतों और श्रद्धालुओं द्वारा भी किया जा रहा है। कई भक्तों ने कहा कि इससे मंदिर की पवित्रता और ठाकुरजी की निष्कलंक सेवा को बल मिलेगा। साथ ही यह भी संदेश जाएगा कि ईश्वर की कृपा प्राप्त करने के लिए न कोई वीआईपी होना जरूरी है और न ही किसी राजनैतिक ताकत की जरूरत है— बस सच्चे मन की भक्ति ही काफी है और जब बात स्वयं गिरधर गोपाल प्यारे नटवरलाल की हो तो सब बराबर हैं। चाहे राजा हो या रंक, ठाकुरजी की चौखट पर सबके सिर समान रूप से झुकते हैं।
मंदिर के गोस्वामियों ने सरकार को भी चेतावनी दी है कि अगर धार्मिक व्यवस्था में जबरन हस्तक्षेप किया गया या परंपराओं को तोड़ने का प्रयास हुआ, तो वे जन आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेंगे। उनका एक ही उद्देश्य है ठाकुरजी की सेवा, परंपरा और लीला भूमि की रक्षा।





