प्रधानमंत्री की विविध योजनाओं का केंद्रबिंदु हैं ‘महिला कल्याण’: हरदीप सिंह पुरी
नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा देश में विविध कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री की ज्यादातर योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास को ध्यान में रखकर बनाई गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री और आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को यवतमाल के वणी में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया।
नागरिकों को केंद्र सरकार की विविध योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरों में जो 4 करोड़ घर बने, उनमें से ज्यादातर का मालिकाना हक महिलाओं के नाम पर हैं। महिला सशक्तिकरण की ओर एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री के प्रयासों से देश की विधानसभा और देश की संसद में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखने का बड़ा फैसला भी लिया गया है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
पुरी ने लविकसित भारत संकल्प यात्रा की विशेषताओं के बारे में भी जनता को बताया। उन्होंने कहा कि पुराने जमाने में जब नागरिकों को सरकारी सुविधा लेनी होती थी तो उसे सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, अधिकारियों से खुशामद करनी पड़ती थी। लेकिन विकसीत भारत संकल्प यात्रा के तहत अब सरकारी अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों के घर तक जा कर सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।





