नीतीश कुमार आज राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे
नई दिल्ली । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से दिल्ली पहुंच चुके हैं। इस दौरान वे लंबे समय बाद मीडिया के सामने आए। राज्यसभा जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, कल मैं शपथ लूंगा और अब यहीं रहूंगा। बहुत समय तक यहां (दिल्ली) काम किया है, अब फिर से यहीं काम करूंगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इतने सालों में बिहार में बहुत काम किया है, आगे भी काम जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि वे दिल्ली में सक्रिय रहेंगे, लेकिन पटना आना-जाना भी जारी रहेगा। जब उनसे बेटे निशांत कुमार को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, इस बारे में हमारे पार्टी के नेता तय करेंगे।
खरमास के बाद नीतीश इस्तीफा देंगे: मुख्यमंत्री के साथ जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा मौजूद थे। संजय झा ने कहा है कि, खरमास के बाद नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
बताते चलें कि नीतीश कुमार आज यानी 10 अप्रैल को 12.15 बजे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 10 अप्रैल की शाम या 11 अप्रैल की सुबह ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौट सकते हैं। 13 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक होगी। 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे और 14 अप्रैल को ही एनडीए विधायक दल की बैठक होगी।
इधर, बिहार में सत्ता परिवर्तन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि, सबकुछ नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में हो रहा है।
रोहिणी बोलीं- बन कर भीगी बिल्ली, चाचा चले दिल्ली
इधर नीतीश कुमार के दिल्ली जाने को पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने तंज कहा है। उन्होंने X पर लिखा, बनकर भीगी बिल्ली, चाचा चले गए आज दिल्ली।सही कहा गया है मौकापरस्ती और धोखा बिना भुगतान के पीछा नहीं छोड़ते। भुगतना पड़ गया ना चाचा जी। एक - दो दिन में छिन जाएगी कुर्सी और टूट जाएगा नाता सियासत - ए - बिहार से। काश आप रह पाते बिना पलटीमार के ..!!





