नीतीश सरकार की कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं : उमेश कुशवाहा
पार्टी मुख्यालय में जदयू चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ की संगठनात्मक बैठक संपन्न
पटना। रविवार को पार्टी मुख्यालय में जदयू चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की बैठक आहूत की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा बैठक में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए एवं बैठक की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एलबी सिंह ने की। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के निमित्त व्यापक रूप से चर्चा हुई एवं प्रकोष्ठ द्वारा राज्यव्यापी सदस्यता अभियान चलाने का भी निर्णय किया गया। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव में चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ की भूमिका एवं उनके दायित्वों के संदर्भ में उमेश कुशवाहा ने उन्हें अवगत कराया।
इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि पार्टी का चिकित्सा प्रकोष्ठ समाज के शिक्षित और बौद्धिक वर्ग का प्रतिनिधित्व करता है। समाज को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में चिकित्सा से जुड़े लोगों की अहम भूमिका होती है। मानवता के कल्याण में भी चिकित्सकों के योगदान का कोई सानी नहीं है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हुए साथियों का समाज में व्यापक प्रभाव है एवं उनकी बातें गंभीरता से अमल में लाई जाती है, इसलिए समाज को सकारात्मक दिशा एवं अपनी पार्टी को मजबूती प्रदान करने में चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ को अग्रणी भूमिका निभाना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विगत 18 वर्षों के सुशासन काल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार हुए। शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर, कालाजार मरीज, लैंगिक असमानता, टीकाकरण समेत अन्य स्वास्थ्य मानकों में स्थिति काफी बेहतर हुई है। 2005-6 में नियमित टीकाकरण महज 18 फीसदी होता था, जो अब बढ़कर 86 फीसदी हो गया है। 2005-06 में प्रतिमाह प्रति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर औसतन मरीजों की संख्या केवल 39 थी, वह बढ़कर 10 हजार से अधिक हो गई है। आगे उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार दिल में छेद वाले बच्चों को नि:शुल्क इलाज जैसी सुविधा भी दे रही है और हमारे पटना का पीएमसीएच बहुत जल्द दुनिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनने जा रहा है। इतना ही नहीं, कोरोना काल में हमारी सरकार ने 10 हजार करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए जो देश में सर्वाधिक है और इस दौरान सबसे बेहतर काम करने के लिए बिहार को डिजिटल इंडिया का अवार्ड भी मिला। इन उपलब्धियों की चर्चा इसलिए जरूरी है क्योंकि नीतीश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयत्नों के बारे में आम लोगों में जागरूकता बढ़े।
आगे उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव बेहद करीब है, हमें अपनी तैयारी को पुख्ता रखना है ताकि बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें एनडीए की झोली में आए। विपक्ष पर हमला बोलते हुए श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि परिवारवाद लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। ऐसे लोगों से बिहार की जनता को सचेत रहना है। राजद और कांग्रेस कभी जनता का भला नहीं कर सकती है। इनकी सोच परिवार तक ही सीमित है। अपने परिवार का विकास ही इनका एकमात्र उद्देश्य है जबकि हमारे नेता बिहार की 13 करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हैं और उनकी सेवा में दिनरात लगे रहते हैं।
इस मौके पर मुख्य रूप से चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मधुरेन्द्र पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीनिवास सिंह, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. कमाल पाशा, डॉ. चंद्रभूषण मिश्रा, डॉ. बीके सिंह, डॉ. सुधीर पासवान, गणेश कुमार, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. आनंद प्रसाद सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, मो. खुर्शीद आलम, मो. अख्तर सहित प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।





