मालीवाल से मारपीट पर केजरीवाल मांगे माफी- भाजपा
नई
दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को सांसद
स्वाति मालीवाल के साथ हुई मारपीट के मामले में केजरीवाल को जिम्मेदार
ठहराया है और मांग की है कि वे जनता से माफी मांगे।
भाजपा मुख्यालय
में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण
ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर उनकी ही पार्टी के नेता की
पिटाई होती है और कोई कार्रवाई नहीं की जाती। मुख्यमंत्री जब अपनी ही
पार्टी की महिला नेता की सुरक्षा नहीं कर सकते तो दिल्ली की महिलाओं की
क्या सुरक्षा देंगे। उन्हें तो जनता से माफी मांगनी चाहिए।
निर्मला
सीतारमण ने कहा कि स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट करने वाला आरोपी बिभव
कुमार मुख्यमंत्री का दाहिना हाथ माना जाता है। बिभव ने राज्य सभा सदस्य
के साथ मुख्यमंत्री के घर में मारपीट की। बिभव पर कार्रवाई करने के बजाय
मुख्यमंत्री उन्हें साथ लेकर घूम रहे हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए। उन्हें
इस मामले में अपना बयान रखना चाहिए था लेकिन कल उन्होंने मीडिया के सवाल पर
माइक ही हटा दिया। यह बेशर्मी की भी हद है। वे मीडिया के सवालों से डर गए
हैं।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कई नेता महिला
विरोधी हैं। उन्होंने सोमनाथ भारती का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी
पत्नी के साथ मारपीट की। मुख्यमंत्री को स्वाति मालीवाल के साथ हुई
अमानवीय घटना पर बयान देना चाहिए। लेकिन सभी को सांप सूंघ गया है। दिल्ली
की महिला के मन में अब चलने लगा है कि जब उनके घर पर ही महिला की पिटाई हो
रही है तो वे दूसरी महिलाओं का क्या सुरक्षा देंगे। इस पूरी घटना के
जिम्मेदार मुख्यमंत्री भी हैं। आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल महिलाओं
के खिलाफ हैं।





