कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: निर्मल कोसरे और प्रशांत किशोर को मिली कांग्रेस SC विभाग की कमान

कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ और झारखंड में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष निर्मल कोसरे को बनाया है। वहीं झारखंड में प्रशांत किशोर को अनुसूचित जाति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद मंगलवार रात दोनों नियुक्तियों से संबंधित पत्र जारी किए गए।
निर्मल कोसरे की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ कांग्रेस में महत्वपूर्ण बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। कोसरे वर्तमान में भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेताओं में माने जाते हैं। कांग्रेस ने 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले वह दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
निर्मल कोसरे ने भिलाई-चरोदा नगर निगम में कांग्रेस की वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस ने निगम चुनाव में पूरी ताकत झोंकी थी और करीब 20 साल बाद भिलाई-चरोदा नगर निगम में कांग्रेस का महापौर बनाने में सफलता हासिल की। कोसरे की नई जिम्मेदारी को पार्टी के अनुसूचित जाति वर्ग के बीच संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कोसरे छत्तीसगढ़ के सतनामी समाज से आते हैं। राज्य में सतनामी समाज की बड़ी आबादी है और राजनीतिक रूप से भी इसका महत्वपूर्ण प्रभाव माना जाता है। उनकी नियुक्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।
मंगलवार को कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की थी। कांग्रेस ने झारखंड में प्रशांत किशोर को अनुसूचित जाति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशांत किशोर राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर के बेटे हैं। नई जिम्मेदारी के तहत वह झारखंड में अनुसूचित जाति विभाग के संगठनात्मक कामकाज और पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगे।
अपनी नियुक्ति पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए निर्मल कोसरे ने आभार जताया है। निर्मल कोसरे ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, डॉ. चरणदास महंत और अनुसूचित जाति छत्तीसगढ़ प्रभारी सुनील कुमार समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो नई जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।





