संसद का मानसून सत्र आज से शुरू: पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के दावों पर गरमाएगा सियासी माहौल

संसद का मानसून सत्र आज से शुरू: पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के दावों पर गरमाएगा सियासी माहौल
नई दिल्ली, 21 जुलाई 2025 – संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है, और पहले दिन से ही इसके हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। विपक्ष ने कई अहम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले, सेना की ओर से चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाक संबंधों में मध्यस्थता के दावों, बिहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मणिपुर की संवेदनशील स्थिति और चीन के साथ सीमा पर बढ़ते तनाव जैसे मुद्दों को लेकर संसद के भीतर सियासी टकराव तेज हो सकता है।
सीपीआई के राज्यसभा सांसद संदोष कुमार पी ने नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस देकर पहलगाम हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अलावा डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बार-बार भारत-पाक तनाव में मध्यस्थता की पेशकश पर गहन चर्चा की मांग की है। वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी ने आंतरिक सुरक्षा में गंभीर चूक और पाकिस्तान के साथ युद्धविराम के बाद सरकार की विदेश नीति की समीक्षा को लेकर कार्य स्थगन का नोटिस दिया है।
राज्यसभा में कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने बिहार में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर मतदाता सूची की निष्पक्षता और संभावित धांधली की आशंका पर चर्चा की मांग की है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया से लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंच सकती है और चुनाव की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग सकता है।
संसद के इस मानसून सत्र में जहां सरकार अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी, वहीं विपक्ष हर उस बिंदु को उठाने के लिए तत्पर है, जो जन-चिंता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में यह सत्र राजनीतिक गरमाहट और रणनीतिक बहसों से भरपूर रहने की संभावना है।





