अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड में बतौर सदस्य शामिल हुए मोहम्मद नबी
काबुल । हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद नबी को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। पिछले साल सितंबर में, नबी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि वह देश के लिए एकदिवसीय क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। नबी के अलावा तीन और अन्य लोगों को बतौर सदस्य बोर्ड में शामिल किया गया है, जिनमें महिला मामलों की वर्तमान मंत्री हसीना सफी, कंधार के संसद सदस्य रोहुल्लाह खानज़ादा और अफ़गानिस्तान के पहले उप-राष्ट्रपति हारून मीर के वरिष्ठ सलाहकार शामिल हैं। एसीबी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, बोर्ड के जिन सदस्यों को बदला गया, उनमें शहरी विकास और भूमि मंत्री मोहम्मद जवाद पिकर, पूर्व उप-उद्योग मंत्री और वाणिज्य मंत्री कामेला सिद्दीकी, परिवहन मंत्री हामिद तहमासी और इस्लामाबाद के पूर्व अफगान राजदूत शुकुल्ला आतिफ मशाल शामिल हैं। बता दें कि एसीबी बोर्ड में कुल नौ सदस्य होते हैं। नए शामिल किये गए सदस्यों के अलावा, अन्य लोगों में बोर्ड के अध्यक्ष फरहान यूसुफजई, संसदीय मामलों के राज्य मंत्री जिया-उल-हक अमरखिल, सीनेटर गुलालाई नूर सफी, पूर्व राष्ट्रपति फराएदून एल्हम के प्रशासनिक कार्यालय में सांस्कृतिक मामलों के उप प्रमुख और व्यापारी अब्दुल रहमान अलोकोज़े शामिल हैं।





