राज्य सरकार के 17 वर्षों की उपलब्धियों को आम-जन तक पहुंचाएं पदाधिकारी : संजय झा
मंत्री ने नवनियुक्त सहायक निदेशक-सह-जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारियों के साथ किया संवाद
-सोशल मीडिया द्वारा जनहित की योजनाओं के प्रसार पर दिया बल
पटना
| सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री संजय कुमार झा ने पटना स्थित
सूचना भवन में नवनियुक्त सहायक निदेशक-सह-जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारियों के
साथ संवाद किया। इस अवसर पर मंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन
तक पहुँचाने के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार
सरकार द्वारा विगत 17 वर्षों में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलायी जा रही हैं,
जिनकी सराहना राष्ट्रीय एवं विश्व स्तर पर हो रही हैं। इन योजनाओं के बारे
में आमजन को जागरुक किया जाना अति आवश्यक है। राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण
संरक्षण के क्षेत्र में जल-जीवन-हरियाली अभियान, सुशासन के कार्यक्रम
अंतर्गत जनता के दरबार में मुख्यमंत्री तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में
सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत तथा पंचायत स्तर के चुनावों में 50
प्रतिशत आरक्षण जैसे अभूतपूर्व निर्णय लिए गए हैं। नवनियुक्त पदाधिकारियों
से यह अपेक्षा रहेगी कि जमीनी स्तर पर इन योजनाओं के लाभ के बारे में राज्य
के नागरिकों को जागरुक कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराएँ। माननीय मंत्री,
सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग द्वारा बताया गया कि सूचना क्रांति के इस युग
में अफवाहों को रोकना एक बड़ी चुनौती है। आज डिजिटल तथा सोशल मीडिया
माध्यमों में सूचनाओं का आदान-प्रदान अधिक हो रहा है। इसीलिए हमें इस
माध्यम द्वारा जनहित की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने की
आवश्यकता है। उक्त अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार सरकार के
निदेशक अमित कुमार द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों के दायित्वों एवं भूमिका
की विस्तृत जानकारी दी गयी।विदित है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित
कुल 28 सहायक निदेशक-सह-जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारियों द्वारा सूचना एवं
जन-सम्पर्क विभाग में योगदान दिया गया है। गौरतलब है कि इनमें से लगभग 43
प्रतिशत महिलाएं हैं। सूचना भवन स्थित ‘संवाद’ कक्ष में आयोजित उक्त
कार्यक्रम के अवसर पर विभाग के संयुक्त सचिव सत्येन्द्र कुमार सिंह, विशेष
कार्य पदाधिकारी विकास कुमार तथा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





