मर्सडीज से ब्रेजा और फिर बाइक: ऐसे लुक बदलकर भागता रहा अमृतपाल सिंह,
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. जिसमें वह पिंक पगड़ी में नजर आ रहा है.
Amritpal Singh Arrest Operation: खालिस्तान समर्थक और 'वारिस पंजाब दे' प्रमुख अमृतपाल सिंह का एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इससे पता चल रहा है कि वह अपना लुक (हुलिया) बदलकर भागता फिर रहा है. मर्सडीज और ब्रेजा कार के बाद, अब वह एक बाइक पर दिखा है, जिसमें उसने गुलाबी रंग की पगड़ी पहनी हुई है.
अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 18 मार्च को ऑपरेशन शुरू किया था. पुलिस लगातार उसकी धरपकड़ की कोशिश कर रही है. पुलिस ने अमृतपाल के संगठन वारिस पंजाब दे जुड़े 150 से ज्यादा लोगों को अब तक गिरफ्तार कर लिया है. मंगलवार (21 मार्च) को पंजाब इंटेलिजेंस की टीम भी अमृतपाल के घर पहुंची. अमृतपाल के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है. अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह और ड्राइवर ने रविवार और सोमवार को पुलिस को सरेंडर कर दिया था.
इस तरह फरार हुआ अमृतपाल सिंह
अब तक की जानकारी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह शनिवार (18 मार्च) को एक मर्सिडीज कार में देखा गया था, जिसे वह शाहकोट में सकड़ किनारे छोड़कर भाग गया था. पंजाब के आईजीपी सुखचैन सिंह के मुताबिक, अमृतपाल सिंह ने नंगल अंबियन गांव में गुरुद्वारा में कपड़े बदले और वहां से वो मोटरसाइकिल पर निकला था.
एक क्लिप में वह कार से बाहर आते हुए दिख रहा है, जहां कुछ लोग बाइकों के साथ उसकी मदद के लिए मौजूद थे. पुलिस ने शक जताया है कि अमृतपाल ने फरार होने के दौरान कई बार लुक बदला.





