इंदौरः जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं सुधार के लिए चलाया जाएगा वृक्षारोपण का महा अभियान
इंदौर। इंदौर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं सुधार के लिए
वृक्षारोपण का महा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की व्यापक तैयारियां
प्रारंभ हो गई हैं। अभियान के अंतर्गत समाज के हर वर्ग की भागीदारी
सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शासकीय विभागों की रिक्त भूमियों पर भी सघन
वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर आशीष सिंह विभागों को जिम्मेदारी
सौंपते हुए लक्ष्य भी निर्धारित किए हैं।
कलेक्टर
आशीष सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को यहां समय-सीमा के पत्रों के निराकरण
(टी.एल.) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में एडीएम रोशन राय, अपर कलेक्टर गौरव
बेनल, सपना लोवंशी, निशा डामोर, राजेन्द्र सिंह रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी
मौजूद थे। जिले में आगामी दिनों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण किये जाने के
लिए कलेक्टर आशीष सिंह ने समस्त विभागों के अधिकारियों को रिक्त
शासकीय/अशासकीय भूमि, ग्रीन बेल्ट की भूमि का सही आकलन किये जाने के
निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी रिक्त शासकीय भूमि पर वृक्षारोपण
किये जाने से ये भूमि अतिक्रमण मुक्त रहेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक
रिक्त भूमि होने से वृक्षारोपण बड़ी संख्या में हो सकेगा लेकिन शहरी क्षेत्र
में रिक्त भूमि कम होने से छोटे-छोटे हिस्सों में वृक्षारोपण किया जा सकता
है। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत को निर्देश दिये कि बड़ी संख्या में
वृक्षारोपण किये जाने हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे किया जाना
सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने विभागीय गतिविधियों विस्तार से समीक्षा की।





