कर्मचारियों और आश्रितों को बड़ी राहत, RGHS में CAR-T थेरेपी शामिल

जयपुर।राजस्थान सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के तहत स्वीकृत उपचार पैकेज में कैंसर के इलाज के लिए अत्याधुनिक CAR-T सेल थेरेपी को शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। CAR-T सेल थेरेपी को आरजीएचएस के दायरे में शामिल किए जाने से गंभीर कैंसर से जूझ रहे कर्मचारियों और उन पर निर्भर परिवार के सदस्यों को आधुनिक उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
सरकार के इस निर्णय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने इसे स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
क्या है CAR-T सेल थेरेपी
CAR-T सेल थेरेपी कैंसर के कुछ प्रकारों में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक इम्यूनोथेरेपी है। इसमें मरीज की प्रतिरक्षा कोशिकाओं को विशेष तरीके से तैयार कर कैंसर कोशिकाओं से लड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। आरजीएचएस में इसे शामिल किए जाने से पात्र लाभार्थियों के लिए इस अत्याधुनिक उपचार तक पहुंच आसान होगी।





