मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · रात 2:50 · नई दिल्ली संस्करण

दिल्ली में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, नगर निगम और पुरातत्व विभाग के चार कर्मचारी गिरफ्तार

राष्ट्रीय सागर डेस्क2 मिनट का पठन
दिल्ली में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, नगर निगम और पुरातत्व विभाग के चार कर्मचारी गिरफ्तार

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दिल्ली में रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।

पहला मामला दिल्ली के शाहदरा उत्तरी क्षेत्र से जुड़ा है, जहां नगर निगम के एक बेलदार और एक जूनियर इंजीनियर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके मरम्मत किए गए मकान को न गिराने के बदले बेलदार ने उससे 80 हजार रुपए की मांग की थी। इस शिकायत के आधार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 31 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

जांच के दौरान 1 अप्रैल 2026 को एजेंसी ने जाल बिछाया। इस दौरान बेलदार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया, जब वह शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए अपने लिए और जूनियर इंजीनियर के लिए 70 हजार रुपए मांग रहा था। मामला सामने आने के बाद जूनियर इंजीनियर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरा मामला नई दिल्ली स्थित जंतर मंतर क्षेत्र का है, जहां भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के एक संरक्षण सहायक समेत दो लोगों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे जारी किए गए एक नोटिस को रद्द करने और काम जारी रखने की अनुमति देने के बदले इन दोनों ने उससे 3 लाख 50 हजार रुपए की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद यह रकम 3 लाख 10 हजार रुपए पर तय हुई और शिकायतकर्ता से कहा गया कि वह एक लाख रुपए अग्रिम के रूप में दे।

इस शिकायत के आधार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 30 मार्च को मामला दर्ज किया।

इसके बाद 1 अप्रैल को जाल बिछाकर एक आरोपी कर्मचारी को रंगेहाथों पकड़ लिया गया, जब वह एक लाख रुपए की रिश्वत ले रहा था। जांच के दौरान संरक्षण सहायक की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी उनसे रिश्वत मांगता है, तो वे इसकी शिकायत जरूर करें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें