फर्नीचर फैक्ट्री में आग से करोड़ों का नुकसान, 20 दमकलों ने लगाए कई फेरे
जयपुर । सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ग्लोबल आर्ट फैक्ट्री
में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। 20 दमकलों ने कई फेरे लगाकर भीषण आग पर
काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दो फायरकर्मी के चोटिल होने पर प्राथमिक
उपचार करवाया गया। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने कहना है शॉर्ट सर्किट से लगी
आग से फैक्ट्री में करोड़ों रुपये का नुकसान होना सामने आया है।
पुलिस
ने बताया कि फैक्ट्री में फर्नीचर बनाने का काम किया जाता है। तड़के करीब
4:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते
धुएं के साथ आग की भीषण लपटें उठने लगी। फैक्ट्री से आग की भीषण लपटें उठते
देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने की सूचना पर सांगानेर सदर
थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत आग की सूचना दमकल विभाग को दी।
पुलिस ने दमकल की 20 गाड़ियों की मदद से कई फेरे लगाकर आग पर काबू पाया। आग
पर काबू पाने में करीब पांच से अधिक घंटे लग गए। फैक्ट्री में आग बुझाते
समय फायर बिग्रेड के दो कर्मचारी घायल हो गए। आग बुझाने के दौरान छत का
प्लास्टर छड़कर गिरने लगा। फायर बिग्रेड विभाग के दोनों कर्मचारी सुरेन्द्र
और राजेन्द्र उसकी चपेट में आ गए। हेलमेट लगा होने के कारण दोनों ही
कर्मचारियों के अधिक चोट नहीं आई। मामूली चोटिल होने पर दोनों कर्मचारियों
का प्राथमिक उपचार करवाया गया।
आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड
कर्मचारियों को खिड़की-रोशनदार आदि भी तोड़ने पड़े। आग से फैक्ट्री में रखा
बना हुआ माल और कच्चा माल दोनों जलकर राख हो गया। फैक्ट्री में लगा सोलर
पैनल भी पूरी तरह कबाड़ में बदल गया। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया
है कि आग से फैक्ट्री में करीब 1 से 1.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।





