लालू की बेटी रोहिणी सारण से लड़ सकती हैं चुनाव सारण की जनता चाहती है प्रत्याशी बनाया जाए: सुनील सिंह
पटना।आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की तीसरे नंबर की बेटी रोहिणी आचार्य सारण से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो वे राजनीति में उतरने वाली लालू की एक और बेटी होंगी। साथ ही परिवार की छठवीं सदस्य होंगी। इसके पहले लालू, राबड़ी, बेटी मीसा भारती, बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव चुनाव लड़ चुके हैं।रोहिणी के चुनाव लड़ने की काफी समय से चर्चा चल रही है। लालू परिवार के करीब और एमएलसी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने इस तरफ बड़ा इशारा कर दिया है। उन्होंने रोहिणी आचार्य के साथ वाली तस्वीर X पर पोस्ट करते हुए लिखा- पिता के प्रति अगाध प्रेम, श्रद्धा एवं समर्पण की प्रतिमूर्ति डॉ. रोहिणी आचार्य। सारण प्रमंडल के समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं की हार्दिक इच्छा है कि डॉ.रोहिणी आचार्य को सारण लोकसभा से राष्ट्रीय जनता दल का प्रत्याशी घोषित किया जाए।'इससे पहले गांधी मैदान में 3 मार्च को आयोजित महागठबंधन के जनविश्वास रैली के मंच पर रोहणी दिखी थीं। यह पहला अवसर था, जब वह किसी सियासी मंच पर लालू के साथ दिखी हों। हालांकि, आरजेडी की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।डॉ.सुनील कुमार सिंह के बारे में माना जाता है कि वे कोई पोस्ट लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की भावना को देखते हुए ही करते हैं। उनको ठेस पहुंचाने के लिए नहीं। नीतीश कुमार ने जब महागठबंधन की बैठक में सुनील कुमार सिंह को सार्वजनिक रूप से कहा था कि आप बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं, तब सुनील कुमार सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।उन्होंने कहा था कि वे सहकारिता की वजह से अमित शाह से मिले थे। सुनील सिंह अभी आरजेडी के एमएलसी और बिस्कोमान के चेयरमैन हैं। सोशल मीडिया पर वे नीतीश कुमार पर व्यंग्य करने के लिए चर्चा में रहते हैं। लालू प्रसाद के इतने करीबी हैं कि जब सिंगापुर में लालू प्रसाद और रोहिणी आचार्य का ऑपरेशन हो रहा था, तब वे भी सिंगापुर में थे।बता दें कि रोहिणी आचार्य ने लालू प्रसाद को अपनी एक किडनी दी है। उसके बाद ही लालू प्रसाद की सेहत में काफी सुधार हुआ है। इससे पहले उनकी सेहत लगातार गिरती जा रही थी। लालू प्रसाद ने कई मंचों से कहा भी है कि उनकी बेटी का उन पर उपकार है।गांधी मैदान में तीन मार्च को आयोजित जन विश्वास रैली के मंच पर तेजस्वी, तेजप्रताप के साथ-साथ मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी मौजूद थीं। यह शुद्ध रूप से राजनीतिक मंच था। अपने दोनों बेटों को लालू प्रसाद ने मंत्री बनवाया। तेजस्वी तो डिप्टी सीएम भी हुए। बेटी मीसा भारती को पाटलिपुत्रा सीट से दो बार लोकसभा चुनाव का टिकट दिया। मीसा हार गईं तो उन्हें दो बार राज्यसभा भी भेजा।इसलिए संभावना जताई जा रही है कि लालू प्रसाद रोहिणी आचार्य को राजनीति में जरूर लॉन्च करेंगे। सुनील कुमार सिंह के पोस्ट के बाद इसकी संभावन बढ़ गई है कि रोहिणी लोकसभा का चुनाव महागठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर लड़ सकती हैं।





