भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में मुख्यमंत्री खट्टर ने कही ये बात
भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 2023 के चौथे और अंतिम दिन हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में एक भव्य समापन समारोह आयोजित हुआ। 17 से 20 जनवरी, 2024 तक आयोजित मेगा साइंस फेस्टिवल में विज्ञान और नवाचार में प्रतिभाशाली अतिथियों ने सक्रिय सहभागिता की, जिससे अन्वेषण और सहयोग की प्रेरणा मिली।
अपने संबोधन के दौरान मनोहर लाल खट्टर ने विज्ञान से बिना किसी भेदभाव के समाज को मिलने वाले असीमित लाभों के बारे में चर्चा की। भविष्य को नया आयाम प्रदान करने में विज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा के माध्यम से विज्ञान को समाज के साथ और अधिक एकीकृत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
खट्टर ने हरियाणा के फ़रीदाबाद में 50 एकड़ में फैली एक अत्याधुनिक साइंस सिटी के विकास की योजना की घोषणा की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य आम जनमानस में खासतौर पर बच्चों में जिज्ञासा और शोध की संस्कृति को बढ़ावा देते हुए वैज्ञानिक अनुसन्धान, विज्ञान सीखने और इसके लिए कार्य करने हेतु एक समर्पित स्थान बनाना है।





