झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन तीसरी बार बन सकते हैं मुख्यमंत्री; आज रात CM चंपई के इस्तीफे की अटकलें
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन इस्तीफा दे सकते हैं। पूर्व सीएम हेमंत
सोरेन को मिली जमानत के बाद से ही झारखंड में राजनीतिक फेरबदल के संकेत मिल
रहे थे। इसी बीच सूत्रों ने बताया है कि वर्तमान सीएम चंपई सोरेन आज रात
इस्तीफा दे सकते हैं। इस्तीफे की अटकलों के बीच बुधवार दिन में हुई बैठक के
बारे में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के एक सूत्र ने
बताया, 'बैठक में चंपई सोरेन के स्थान पर हेमंत सोरेन को लाने का निर्णय
लिया गया।' उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के आवास पर हुई बैठक
में गठबंधन के नेताओं और विधायकों ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झामुमो
विधायक दल का नेता चुनने का फैसला किया। ऐसे में JMM के कार्यकारी
अध्यक्ष हेमंत सोरेन राज्य में पार्टी नीत गठबंधन के विधायकों के बीच आम
सहमति के बाद तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।





