जापान का शिका परमाणु संयंत्र भूकंप से उबर नहीं पाया
टोक्यो,
03 फरवरी । जापान का शिका परमाणु संयंत्र इस साल के पहले दिन आए
7.6 तीव्रता के भूकंप से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इशिकावा प्रांत में
स्थापित इस परमाणु ऊर्जा संयंत्र में भूकंप ने कई तरह की समस्याएं पैदा कर
दी हैं।
जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शक्तिशाली
भूकंप के झटके परमाणु ऊर्जा संयंत्र की संचालक होकुरिकु इलेक्ट्रिक पावर
कंपनी के अनुमानों से आंशिक रूप से अधिक थे। भूकंप के कारण संयंत्र के
ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव हुआ और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
शिका
परमाणु संयंत्र में नंबर 1 और नंबर 2 रिएक्टर को भूकंप से बहुत पहले
ऑफलाइन कर दिया गया था। 10 जनवरी को कंपनी ने कहा था कि नंबर 2 रिएक्टर को
फिर से शुरू करने से पहले नए नियामक मानकों की समीक्षा की जा रही है।
फिलहाल ईंधन भंडारण पूल में कुल 1,657 परमाणु ईंधन असेंबलियों को बाहरी
ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करके ठंडा किया जा रहा है।





