शालीनता और सभ्यता के आदर्श आडवाणी जी को भारत रत्न मिलना गर्व की बात : सम्राट चौधरी
पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इसकी जानकारी दी है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और रामललाकी प्राण प्रतिष्ठा के बाद आडवाणी जी को भारत रत्न दिए जाने से बिहार बीजेपी में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने आडवाणी जी को भारत रत्न देने की घोषणा का स्वागत किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने अपनी भावना का इजहार किया है। उन्होंने लाल कृष्ण आडवाणी को इसके लिए बधाई दी है। सम्राट चौधरी ने कहा है- भाजपा के शिखर-पुरुष, शालीनता एवं सभ्यता के आदर्श, देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री आदरणीय लाल कृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर उन्हें ढ़ेरों बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह डिप्टी सीएम ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। सम्राट चौधरी ने कहा है कि पार्टी के अभिभावक और राम मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले आडवाणी जी इस सम्मान के अधिकारी हैं।





