आईपीएल : टूर्नामेंट से बाहर हुई आरसीबी विराट कोहली का रहा शर्मनाक रिकॉर्ड एजेंसी
अबू धाबी : 13 साल के आईपीएल इतिहास एक बार फिर से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (फउइ) की टीम का टूर्नामेंट जीतने का सपना चकनाचूर हो गया. इंडियंन प्रीमियर लीग 2020 के एलिमिनेटर मुकाबले में आरसीबी की टीम को सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कप्तान विराट कोहली की अगुवाई में आईपीएल चैंपियन बनने के आरसीबी की एक और कोशिश नाकाम रही. बैंगलोर की इस हार से टीम के सभी फैन्स काफी निराश हैं. तो वहीं हैदराबाद के हाथों मिली इस मात से विराट कोहली के नाम भी अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।
कोहली की कप्तानी में साल दर साल आरसीबी का खराब प्रदर्शन जारी
गौरतलब है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी कप्तानी से टॉप टीम बनाने वाले विराट कोहली आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे फिसड्डी साबित होते जा रहे हैं. दरअसल आंकड़ों के आधार पर कोहली आरसीबी के लिए कप्तानी से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं. साल 2013 वो साल था, जब विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कमान को संभाला था. उस सीजन आरसीबी पांचवें पायदान पर रही. साल 2014 में बैंगलोर 7वें स्थान पर और उसके अगले सीजन में टीम ने कमबैक करते हुए तीसरे पायदान की कुर्सी अपने नाम की थी. केवल साल 2016 वो साल था, जब कोहली के नेतृत्व में बैंगलोर की टीम ने एक मात्र आईपीएल फाइनल खेला था. उसके बाद फिर रॉयल चैलेंजर्स 2017, 2018, 2019 में क्रमश: 8वें, छठे और 8वें पायदान पर रही. तो वहीं इस सीजन आरसीबी की टीम ने चौथे नंबर के स्थान से संतुष्ट करना पड़ा।





