बेगूसराय में इंटर छात्र की अपहरण के बाद हत्या, दोस्त ही निकले कातिल

90 किलोमीटर दूर जलकुंभी से बरामद हुआ शव, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
बेगूसराय : बेगूसराय में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव से अगवा किए गए इंटर के छात्र विकास कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित पीनगर गांव के पास जलकुंभी में छिपाकर फेंक दिया गया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान कंकौल वार्ड संख्या-15 निवासी रामउदय यादव के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने 27 मई को मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर बताया था कि 26 मई को गांव के ही कुछ युवकों ने पूर्व दुश्मनी के कारण विकास का अपहरण कर लिया। आवेदन में विकास कुमार, रोहित कुमार, मुन्ना यादव, बुलकु यादव, मोहित कुमार और रोशन कुमार को नामजद किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए मोहित कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि अपहृत विकास कुमार को उसने आरोपी विकास कुमार उर्फ मुन्ना यादव के हवाले कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पुरानी दुश्मनी को लेकर विकास कुमार की हत्या कर दी गई और शव को खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित पीनगर गांव के पास जलकुंभी में फेंक दिया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ सदर-1 आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस निर्मम हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





