अंतरिम बजट राज्य के लिए हितकारी : वित्त मंत्री प्रेमचंद
देहरादून,
01 फरवरी। वित्त मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने केन्द्र सरकार
की ओर से पेश किए गए अंतरिम बजट पर उत्तराखंड के राज्य के लिए हितकारी
बताया है।
मंत्री डॉ. अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय कर में राज्य का
अंश बढ़ गया है। इससे गत वर्ष के मूल बजट की तुलना में 2217 करोड़ इस मद
में अधिक प्राप्त होने की संभावना है। यही नहीं संशोधित अनुमान के मुताबिक
चालू वर्ष में भी 928 करोड़ अधिक प्राप्त होने की संभावना है।
उन्होंने
कहा कि केंद्र सरकार ने पूंजीगत परिव्यय यानी कैपिटल आउटले बढ़ा दिया है।
गत वर्ष 10 लाख करोड़ की तुलना में यह बढ़कर 11.11 लाख करोड़ हो गया है।
उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से अवस्थापना जैसे सड़क, पुल, हाईवे आदि के
विकास में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि राज्यों के लिए भी विशेष
पूंजीगत सहायता में वृद्धि की गई है। गत वर्ष इस मद में एक लाख करोड़
आवंटित था। जो बढ़कर 1 लाख 30 हजार करोड़ हो गया है। यह बढ़ोतरी से राज्य
को अधिक पूंजीगत सहायता मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि केंद्र
सरकार की ओर से कुछ महत्वपूर्ण योजनाओं के बजट के प्रावधान में भी वृद्धि
की गई है। जैसे आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन,
प्रधानमंत्री मत्स्य संप्रदाय योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि।
उन्होंने
बताया कि इन योजनाओं में वृद्धि से प्रदेश में लाभार्थियों की संख्या में
वृद्धि हो जाएगी। यह चुनावी वर्ष है, इसके चलते अंतिम बजट पेश किया गया है।
परंपरा यह है कि अंतरिम बजट में टैक्स के संबंध में कोई घोषणा नहीं की
जाती है।





