समुद्री डकैती विरोधी अभियानों के लिए जहाज आईएनएस शारदा सम्मानित
नई
दिल्ली। कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान की अपनी
यात्रा के दौरान नौसेना अध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार ने सफल समुद्री डकैती
विरोधी अभियान चलाने के लिए आईएनएस शारदा को ‘ऑन द स्पॉट यूनिट प्रशस्ति
पत्र’ से सम्मानित किया। यह जहाज ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज ओमारी के सभी
19 चालक दल के सदस्यों की सुरक्षित रिहाई में शामिल था, जिसमें 11 ईरानी
और 08 पाकिस्तानी नागरिक थे। इस जहाज को सोमालिया के पूर्वी तट पर समुद्री
डाकुओं ने बंधक बना लिया था।
भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस शारदा को
अपहृत ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज ओमारी को समुद्री लुटेरों के कब्जे से
मुक्त कराने का जिम्मा सौंपा गया था। भारतीय जहाज ने रातभर गोपनीय खोज जारी
रखने के बाद 01 फरवरी की रात में ईरानी जहाज को रोक लिया और 02 फरवरी को
सुबह हेलीकॉप्टर और उसके बाद प्रहार टीम को उतारा गया। भारतीय टीम की
आक्रामकता से समुद्री डाकू चालक दल और ईरानी जहाज को सुरक्षित रूप से
छोड़ने के लिए मजबूर हुए। इसके बाद अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज और उसके
चालक दल को सोमाली समुद्री डाकुओं से छुड़ा लिया गया।
भारतीय
नौसेना की ओर से समुद्री डकैती रोधी अभियानों के लिए तैनात जहाज और मिशन के
अथक प्रयास ने हिंद महासागर क्षेत्र में नाविकों की सुरक्षा बढ़ाने के
भारतीय नौसेना के संकल्प को बरकरार रखते हुए समुद्र में बहुमूल्य जिंदगियां
बचाईं। नौसेना प्रमुख ने कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान की अपनी यात्रा
के दौरान टीम शारदा के साथ बातचीत की। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने चालक
दल के पेशेवर दृष्टिकोण की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में
पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में भारतीय नौसेना को मान्यता और प्रशंसा
मिली।





